जशपुरनगर, 08 जून 2026। जिले के प्रभारी सचिव अंकित आनंद ने सोमवार को निर्माणाधीन जगदेव राम उरांव कल्याण आश्रम चिकित्सालय का निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने निर्धारित मानकों के अनुरूप तेज गति से हो रहे निर्माण कार्यों की सराहना की तथा समय-सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी सचिव ने कहा कि अस्पताल के पूर्ण होने के बाद यह क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं की दृष्टि से एक महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा। यहां मरीजों को विशेषज्ञ चिकित्सकों की बेहतर सेवाएं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें उपचार के लिए बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी।
इस अवसर पर कलेक्टर रोहित व्यास, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक कुमार, एसडीएम जशपुर विश्वास राव मस्के, हाउसिंग बोर्ड के कार्यपालन अभियंता प्रफुल्ल चौरे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि इस अत्याधुनिक चिकित्सालय का निर्माण NTPC Limited के सीएसआर फंड से लगभग 35 करोड़ 53 लाख रुपये की लागत से कराया जा रहा है। अस्पताल का भूमिपूजन 7 अप्रैल 2025 को मुख्यमंत्री द्वारा किया गया था। वर्तमान में निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है तथा प्रस्तावित छह मंजिला भवन में ग्राउंड फ्लोर सहित चार मंजिलों की ढलाई का कार्य पूर्ण हो चुका है।
अस्पताल के ग्राउंड फ्लोर में इमरजेंसी सेवाएं, प्रथम तल पर ओपीडी, द्वितीय एवं तृतीय तल पर वार्ड, चतुर्थ तल पर आईसीयू तथा पंचम तल पर ऑपरेशन थियेटर संचालित किए जाएंगे। 100 बिस्तरों वाले इस आधुनिक अस्पताल में 15 ओपीडी कक्ष, 4 आईसीयू, 4 ऑपरेशन थियेटर, फिजियोथेरेपी यूनिट, पैथोलॉजी लैब, सीटी स्कैन, डायलिसिस, एक्स-रे, एमआरआई, ईसीजी, इमरजेंसी वार्ड सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
जिले में स्वास्थ्य अधोसंरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में यह परियोजना एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है, जिससे जशपुर सहित आसपास के क्षेत्रों के हजारों लोगों को बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सेवाओं का लाभ मिलेगा।