जशपुर, 09 जून 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में सुशासन तिहार 2026 का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीणों तक पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित शिविरों में बड़ी संख्या में लोग अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर रहे हैं और योजनाओं का लाभ उठा रहे हैं।
सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जनसमस्या निवारण शिविरों में ग्रामवासियों को आधार कार्ड, राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड, श्रम कार्ड, पेंशन स्वीकृति आदेश सहित विभिन्न योजनाओं से संबंधित सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को नव निर्मित आवासों की चाबियां भी सौंपी जा रही हैं।
इसी क्रम में जशपुर विकासखंड के ग्राम बरगांव डूमर टोली निवासी किसान श्री फ्रांसीस एक्का को ग्राम बोखी में आयोजित जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर में किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) प्रदान किया गया। जनप्रतिनिधियों द्वारा उन्हें केसीसी कार्ड सौंपकर शासन की किसान हितैषी योजनाओं का लाभ दिलाया गया।
केसीसी कार्ड प्राप्त करने के बाद किसान श्री फ्रांसीस एक्का ने मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अब उन्हें खेती-किसानी के लिए खाद, बीज और अन्य कृषि आदानों की व्यवस्था करने में आसानी होगी। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड मिलने से समय पर ऋण सुविधा उपलब्ध होगी, जिससे खेती का कार्य बेहतर ढंग से किया जा सकेगा।
सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों में संतोष और विश्वास बढ़ा है। यह अभियान ग्रामीण क्षेत्रों में सुशासन, पारदर्शिता और त्वरित सेवा वितरण का प्रभावी उदाहरण बनकर उभर रहा है।