रायपुर, 08 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व और वित्त मंत्री श्री ओ.पी. चौधरी के प्रयासों से रायगढ़ जिले में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। जिला खनिज संस्थान न्यास (डीएमएफ) के तहत 4 करोड़ 13 लाख 82 हजार 400 रुपये से अधिक की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों को प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई है।
स्वीकृत कार्यों में धरमजयगढ़ क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घरघोड़ा के निर्माण एवं उन्नयन के लिए 2 करोड़ 80 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इसके पूरा होने से क्षेत्रवासियों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी।
ग्रामीण क्षेत्रों में सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराने के लिए गोरपार, नंदगांव, शहपुर, नवापारा और पुसल्दा गांवों की पेयजल योजनाओं को भी मंजूरी दी गई है। इन योजनाओं के तहत सम्पवेल, नलकूप, रॉ-वॉटर पंप और पाइपलाइन विस्तार जैसे कार्य किए जाएंगे, जिससे ग्रामीणों को नियमित एवं स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो सकेगा।
युवाओं के कौशल विकास को ध्यान में रखते हुए धरमजयगढ़ शासकीय आईटीआई भवन के जीर्णोद्धार के लिए 82.86 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं शिक्षा के क्षेत्र में ग्राम पंचायत साम्हारसिंघा में नए प्राथमिक शाला भवन के निर्माण के लिए 14.30 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
इन परियोजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित विभागों को सौंपी गई है। स्वास्थ्य कार्य सीजीएमएससी, पेयजल योजनाएं लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग, आईटीआई भवन का जीर्णोद्धार छत्तीसगढ़ हाउसिंग बोर्ड तथा प्राथमिक शाला भवन का निर्माण जनपद पंचायत धरमजयगढ़ के माध्यम से कराया जाएगा।
डीएमएफ से स्वीकृत इन विकास कार्यों के पूरा होने के बाद रायगढ़ जिले में स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और पेयजल सुविधाओं को नई मजबूती मिलेगी तथा खनन प्रभावित क्षेत्रों सहित ग्रामीण इलाकों के लोगों को बेहतर आधारभूत सुविधाओं का लाभ मिलेगा।