जशपुरनगर: स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत जनपद पंचायत बगीचा की ग्राम पंचायत छिछली (र) स्थित प्रसिद्ध धार्मिक स्थल खुड़िया रानी मंदिर परिसर में सोमवार को व्यापक स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 7 बजे से 11 बजे तक चले इस अभियान में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, ग्रामीणों, युवाओं और महिला समूहों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया।
कार्यक्रम का उद्देश्य धार्मिक एवं सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ, सुंदर और आकर्षक बनाए रखने के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना था। श्रमदान के दौरान मंदिर परिसर से कचरा हटाया गया, परिसर की साफ-सफाई की गई तथा श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने की दिशा में सामूहिक प्रयास किए गए।

इस स्वच्छता अभियान में जनपद पंचायत बगीचा के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ ग्राम पंचायत छिछली (र) के सरपंच, सचिव एवं पंचायत कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इसके अलावा आसपास की ग्राम पंचायतों के सरपंच, बड़ी संख्या में ग्रामीण, युवा एवं महिला स्व-सहायता समूहों की महिलाओं ने भी श्रमदान कर अभियान को सफल बनाया।
कार्यक्रम के दौरान ग्राम पंचायत द्वारा गंगा समूह को स्वच्छता किट प्रदान की गई। समूह के सदस्यों से मंदिर परिसर की नियमित साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने का आग्रह किया गया। गंगा समूह के सदस्यों ने भी मंदिर परिसर को सदैव स्वच्छ एवं व्यवस्थित बनाए रखने का संकल्प लिया।
अभियान को सफल बनाने में वन विभाग की टीम तथा स्थानीय सामाजिक संगठन सफल प्रयास सेवा समिति का विशेष सहयोग रहा। सभी प्रतिभागियों ने श्रमदान के माध्यम से यह संदेश दिया कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने आमजन से भी अपने गांव, धार्मिक स्थलों एवं सार्वजनिक परिसरों को स्वच्छ रखने में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।

कार्यक्रम के समापन अवसर पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी से जुड़ा सतत जनआंदोलन है। सामूहिक श्रमदान से समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ती है, सामाजिक सहभागिता मजबूत होती है तथा धार्मिक स्थलों की गरिमा और पवित्रता भी बनी रहती है। उन्होंने भविष्य में भी ऐसे जनसहभागिता आधारित स्वच्छता अभियानों को नियमित रूप से आयोजित करने पर जोर दिया।