जशपुर: अपराधियों पर शिकंजा कसने की तैयारी, DIG-SSP ने दिए सख्त निर्देश ,लंबित मामलों के शत-प्रतिशत निराकरण से लेकर नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई तक, त्योहारों में सुरक्षा और विजिबल पुलिसिंग बढ़ाने के निर्देश

जशपुर: पुलिस कार्यालय जशपुर के सभाकक्ष में DIG एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उमेद सिंह ने अपराध समीक्षा बैठक लेकर जिले में कानून-व्यवस्था और अपराध नियंत्रण की स्थिति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग, चालान और अन्य प्रकरणों के साथ आगामी त्योहारों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना एवं चौकी प्रभारी, प्रशिक्षु उप निरीक्षक तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

लंबित मामलों के निपटारे में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

DIG एवं SSP ने सभी थाना और चौकी प्रभारियों को लंबित अपराध, शिकायत, मर्ग एवं अन्य प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण एवं शत-प्रतिशत निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि विवेचना में अनावश्यक देरी या लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। साक्ष्य संकलन, विवेचना की गुणवत्ता और न्यायालय में प्रभावी पैरवी के जरिए दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।

साथ ही फरार आरोपियों की गिरफ्तारी तथा लंबित एवं स्थायी वारंटों की तामीली में तेजी लाने के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रोत्साहित एवं पुरस्कृत करने की बात कही गई, जबकि लापरवाही पर नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

त्योहारों से पहले सुरक्षा व्यवस्था होगी मजबूत

आगामी त्योहारों को देखते हुए पुलिस को अभी से सुरक्षा तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए। संवेदनशील स्थानों, धार्मिक स्थलों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों को चिह्नित कर आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

त्योहारों के दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पेट्रोलिंग, भीड़ नियंत्रण और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी के साथ किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पहले से कार्ययोजना तैयार करने पर जोर दिया गया।

सड़क से गांव तक दिखेगी पुलिस की मौजूदगी

जिले में Visible Policing को प्रभावी बनाने के लिए नियमित पेट्रोलिंग, पैदल मार्च और कॉम्बिंग पेट्रोलिंग बढ़ाने के निर्देश दिए गए। विशेष रूप से शाम के समय पुलिस की सक्रिय मौजूदगी सुनिश्चित करने तथा सरप्राइज चेकिंग बढ़ाने को कहा गया।

संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच के साथ गुंडा-बदमाशों एवं आदतन अपराधियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने और आवश्यक प्रतिबंधात्मक एवं वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्राम स्तर पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने क्षेत्र के गांवों में माह में 3 से 4 बार भ्रमण करने तथा ग्रामीणों की समस्याओं और शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता से सुनकर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

नशा तस्करी के पूरे नेटवर्क तक पहुंचेगी पुलिस

NDPS मामलों में End-to-End Investigation पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि कार्रवाई केवल आरोपी की गिरफ्तारी तक सीमित न रहे, बल्कि मादक पदार्थों के स्रोत, परिवहन, सप्लाई और वितरण से जुड़े पूरे नेटवर्क की पहचान की जाए।

इसके अलावा अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी, गौ-तस्करी, जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।

साइबर अपराध पर त्वरित कार्रवाई

साइबर अपराधों से जुड़ी शिकायतों पर तेजी से कार्रवाई करने तथा साइबर हेल्पलाइन एवं पोर्टल से प्राप्त शिकायतों को प्राथमिकता के साथ निराकृत करने के निर्देश दिए गए।

साथ ही OTP, UPI फ्रॉड, फर्जी लिंक, ऑनलाइन ठगी और सोशल मीडिया फ्रॉड के प्रति लोगों को लगातार जागरूक करने के लिए साइबर जागरूकता अभियान को गति देने को कहा गया।

साइबर सेल प्रभारी DySP भावेश कुमार समरथ को तकनीकी सहायता से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई और आवश्यक समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

CCTNS, होटल-लॉज और CM हेल्पलाइन पर भी निगरानी

सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को CCTNS पोर्टल पर अपराध, प्रकरण, आरोपी एवं अन्य आवश्यक जानकारी नियमित रूप से अपडेट रखने के निर्देश दिए गए।

होटल, लॉज एवं अन्य आवासीय प्रतिष्ठानों में ठहरने वाले प्रत्येक आगंतुक का समाधान ऐप के माध्यम से अनिवार्य पंजीयन सुनिश्चित करने तथा थाना स्तर पर इसकी नियमित जांच के निर्देश दिए गए।

वहीं CM हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का तथ्यात्मक, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी सख्ती

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए जिले में सघन वाहन जांच अभियान चलाने के निर्देश दिए गए। बिना हेलमेट, ट्रिपल राइडिंग, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना सीट बेल्ट, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल और नशे में वाहन चलाने जैसे मामलों में सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके साथ ही हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के पालन को लेकर लगातार जागरूकता अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

जनता के साथ संवेदनशील व्यवहार के निर्देश

DIG एवं SSP ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को आम नागरिकों के साथ शालीन, संवेदनशील एवं सम्मानजनक व्यवहार करने के निर्देश दिए। प्रत्येक शिकायत पर निष्पक्ष और नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित कर जनता के बीच पुलिस के प्रति विश्वास मजबूत करने पर जोर दिया गया।

बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश कुमार पाटनवार, एसडीओपी जशपुर निमितेश सिंह, एसडीओपी कुनकुरी विनोद मंडावी, एसडीओपी बगीचा दिलीप कुमार कोसले, एसडीओपी पत्थलगांव डॉ. ध्रुवेश कुमार जायसवाल, उप पुलिस अधीक्षक भावेश कुमार समरथ, उप पुलिस अधीक्षक यातायात के.आर. चौहान, उप पुलिस अधीक्षक शुभम तिवारी सहित जिले के थाना एवं चौकी प्रभारी, रीडर मुकेश झा तथा विभिन्न कार्यालयीन शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment