जशपुर, 12 जुलाई 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में संचालित महतारी वंदन योजना महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में प्रभावी पहल बनकर उभरी है। हर माह मिलने वाली आर्थिक सहायता ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है। अब वे अपने छोटे-छोटे खर्चों के लिए दूसरों पर निर्भर नहीं हैं, बल्कि आत्मविश्वास के साथ परिवार की जिम्मेदारियों में भी भागीदारी निभा रही हैं।
11 जुलाई को योजना की 29वीं किस्त जारी होने के बाद कुनकुरी क्षेत्र की महिलाओं में खुशी का माहौल देखने को मिला। महिलाओं ने बताया कि प्रत्येक माह 10 से 12 तारीख के बीच उनके बैंक खातों में एक हजार रुपये की राशि जमा हो जाती है, जिससे घरेलू जरूरतों और व्यक्तिगत खर्चों को पूरा करने में काफी राहत मिलती है।
ज्योति पांडेय ने बताया कि पहले छोटी-छोटी जरूरतों के लिए उन्हें परिवार के अन्य सदस्यों पर निर्भर रहना पड़ता था, लेकिन अब योजना से मिलने वाली राशि से वे अपने दैनिक खर्च स्वयं पूरा कर रही हैं।
रेहाना खातून ने बताया कि पहले वे मजदूरी करती थीं। महतारी वंदन योजना से मिली आर्थिक सहायता के सहारे उन्होंने छोटा घरेलू व्यवसाय शुरू किया। अब वे स्वयं आय अर्जित कर रही हैं और परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत करने में योगदान दे रही हैं।
कविता शर्मा ने कहा कि योजना से मिलने वाली राशि उनके लिए बड़ी मदद साबित हो रही है। इससे वे अपनी आवश्यकताओं का खर्च आसानी से उठा पा रही हैं और पहले से अधिक आत्मविश्वास महसूस करती हैं।
अंजू शर्मा ने बताया कि अब छोटे-छोटे खर्चों के लिए उन्हें किसी पर निर्भर नहीं रहना पड़ता। योजना ने उन्हें आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।
सभी महिलाओं ने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि महतारी वंदन योजना ने उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है। उनका कहना है कि राज्य सरकार की इस पहल से महिलाओं को आर्थिक संबल मिला है, जिससे वे सम्मान के साथ आत्मनिर्भर जीवन जी रही हैं।