जशपुर: जिला पंचायत CEO ने ग्रामीण विकास योजनाओं की समीक्षा की, गुणवत्ता और समयबद्ध कार्यों के दिए निर्देश

जशपुर: मुख्य कार्यपालन अधिकारी (CEO) जिला पंचायत अभिषेक कुमार ने जिला पंचायत सभाकक्ष में विकसित भारत ग्राम पंचायत (VBGRAMG), प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के तहत संचालित कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में सभी जनपद पंचायतों के प्रधानमंत्री आवास योजना के विकासखंड समन्वयक, तकनीकी सहायक, सचिव, रोजगार सहायक, आवास मित्र एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

समीक्षा के दौरान CEO ने VBGRAMG के तहत ग्राम पंचायत विकास योजना, एमआईएस की प्रगति और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सभी गतिविधियों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने पूर्व वर्षों के लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूर्ण कराने, वर्षा ऋतु में किए जा सकने वाले कार्यों में अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराने तथा सभी पंचायतों में समन्वय के साथ विकास कार्य संचालित करने पर जोर दिया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा करते हुए उन्होंने स्वीकृत आवासों का समयबद्ध निर्माण, लंबित आवासों की शीघ्र पूर्णता, जियो-टैगिंग, किस्त भुगतान तथा हितग्राहियों को नियमित तकनीकी मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पात्र हितग्राहियों को गुणवत्तापूर्ण एवं समय पर आवास उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) के अंतर्गत ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों के संचालन, प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन तथा ग्राम पंचायतों में स्वच्छता गतिविधियों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। उन्होंने जनभागीदारी बढ़ाकर स्वच्छता को जनआंदोलन का स्वरूप देने और प्रत्येक ग्राम पंचायत में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ग्राम पंचायत स्तर पर लंबित टैक्स वसूली की समीक्षा करते हुए समर्थ पोर्टल पर समय पर प्रविष्टि करने तथा पंजीकृत करदाताओं से शत-प्रतिशत टैक्स वसूली सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

CEO अभिषेक कुमार ने कहा कि ग्रामीण विकास की इन सभी योजनाओं का प्रभावी और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी विकासखंडों को नियमित मॉनिटरिंग, फील्ड निरीक्षण और सतत समीक्षा करने के निर्देश देते हुए स्पष्ट किया कि कार्यों में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा निर्धारित समय-सीमा में शत-प्रतिशत लक्ष्य हासिल किए जाएं।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment