जशपुर: कॉस्मेटिक दुकानों से जिला अस्पताल तक छापा-जांच, गुणवत्ता परीक्षण के लिए भेजे गए दवाओं के नमूने

जशपुरनगर, 06 जून 2026। खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग जशपुर द्वारा जिले में 04 से 06 जून 2026 तक तीन दिवसीय विशेष जांच अभियान चलाकर कॉस्मेटिक दुकानों, वेटनरी औषधि भंडार, जिला वेटनरी अस्पताल तथा जिला अस्पताल में औषधियों एवं प्रसाधन सामग्रियों की जांच की गई। अभियान नियंत्रक खाद्य एवं औषधि प्रशासन छत्तीसगढ़ के निर्देश तथा सहायक औषधि नियंत्रक जशपुर के मार्गदर्शन में संचालित किया गया।

अभियान के प्रथम दिन 04 जून को जशपुर क्षेत्र स्थित प्रीति जनरल स्टोर्स, न्यू प्रीति जनरल स्टोर्स, सुहाना फेंसी स्टोर्स एवं जयश्री जनरल स्टोर्स सहित चार कॉस्मेटिक विक्रय प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता, निर्धारित मानकों तथा संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी देते हुए जागरूक किया गया।

दूसरे दिन 05 जून को जिला वेटनरी औषधि भंडार एवं जिला वेटनरी अस्पताल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिला औषधि भंडार में दवाओं के भंडारण की व्यवस्था संतोषजनक नहीं पाई गई। मौके पर उपस्थित प्रभारी अधिकारी को दवाओं के नियमानुसार भंडारण, निर्धारित तापमान पर संरक्षण तथा परिसर की स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। जिला वेटनरी अस्पताल से गुणवत्ता परीक्षण के लिए एक औषधि का नमूना लिया गया। इसके अतिरिक्त जिले के तीन मेडिकल स्टोर्स में वेटनरी दवाओं के रिकॉर्ड का भी सत्यापन किया गया।

अभियान के अंतिम दिन 06 जून को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) औषधि भंडार एवं जिला अस्पताल में स्थानीय क्रय (लोकल पर्चेज) से खरीदी गई औषधियों के संबंध में निरीक्षण किया गया। इस दौरान गुणवत्ता परीक्षण के लिए दो औषधियों के नमूने लेकर प्रयोगशाला भेजे गए।

खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने बताया कि जिले में दवाओं एवं कॉस्मेटिक उत्पादों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा उपभोक्ताओं को सुरक्षित एवं मानक उत्पाद उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस प्रकार की जांच एवं निगरानी गतिविधियां निरंतर जारी रहेंगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment