जशपुरनगर, 08 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ शासन की महत्वाकांक्षी न्योता भोजन योजना के तहत जिला जनसंपर्क अधिकारी नूतन सिदार ने अपने पुत्र प्रखर कुमार के जन्मदिन के अवसर पर समर्थ आवासीय दिव्यांग प्रशिक्षण केंद्र, जशपुर में बच्चों के लिए न्योता भोजन का आयोजन कराया। इस अवसर पर बच्चों को स्वादिष्ट भोजन कराने के साथ ही खेल सामग्री, कॉपी, पेन, कंपास बॉक्स एवं अन्य उपयोगी उपहार सामग्री भी भेंट की गई।
कार्यक्रम के दौरान दिव्यांग बच्चों ने उत्साहपूर्वक न्योता भोजन का आनंद लिया और उपहार पाकर अपनी खुशी व्यक्त की। आयोजन का उद्देश्य बच्चों के बीच अपनापन, स्नेह और सामाजिक सहभागिता का संदेश देना रहा।
इस अवसर पर समाज कल्याण विभाग के उप संचालक धर्मेंद्र कुमार साहू, वरिष्ठ प्रबंधक श्रवण कुमार भगत, सहायक अधीक्षक वेद प्रकाश कुलदीप सहित विभाग के अधिकारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
उल्लेखनीय है कि न्योता भोजन योजना सामुदायिक भागीदारी पर आधारित एक अभिनव पहल है। इसके तहत जन्मदिन, विवाह वर्षगांठ, राष्ट्रीय पर्व एवं अन्य विशेष अवसरों पर स्कूलों, आश्रमों और छात्रावासों में बच्चों के लिए भोजन की व्यवस्था कर उन्हें खुशी के पल साझा करने का अवसर प्रदान किया जाता है।