रायपुर: उरला फैक्ट्री हादसे पर बड़ा एक्शन, 3 श्रमिकों की मौत के बाद फैक्ट्री बंद, परिजनों को 30-30 लाख मुआवजा

रायपुर, 08 जुलाई 2026। रायपुर के उरला औद्योगिक क्षेत्र स्थित मेसर्स 3-डी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए भीषण औद्योगिक हादसे के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। ऑक्सीजन सिलेंडर विस्फोट में तीन श्रमिकों की मौत के बाद कारखाने की सभी विनिर्माण गतिविधियों को तत्काल प्रभाव से अगले आदेश तक बंद कर दिया गया है। साथ ही कंपनी प्रबंधन ने मृतक श्रमिकों के परिजनों को 30-30 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने पर सहमति जताई है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम बेन्द्री स्थित फैक्ट्री के फेरो एलॉयज डिवीजन में फर्नेस के लांसिंग कार्य के दौरान ऑक्सीजन सिलेंडर में अचानक विस्फोट हो गया। हादसे में अरुण पाण्डेय, लाल सिंह और कमल सिंह की मौके पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों ने फोटोग्राफी, वीडियोग्राफी और प्रारंभिक पूछताछ के बाद दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

प्रारंभिक जांच के आधार पर व्यावसायिक सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं कार्यदशा संहिता-2020 की धारा 38(1)(ए) के तहत कारखाने में संचालित सभी विनिर्माण गतिविधियों पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है। विभाग ने कारखाना प्रबंधन को निर्देश दिया है कि प्रतिबंध अवधि के दौरान सभी कर्मचारियों को नियमानुसार वेतन एवं अन्य देय भत्तों का भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाए।

औद्योगिक स्वास्थ्य एवं सुरक्षा विभाग ने बताया कि दुर्घटना की विस्तृत जांच जारी है। जांच रिपोर्ट और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

Please Share With Your Friends Also

संवाद छत्तीसगढ़ न्यूज़ पोर्टल बदलते भारत की सबसे विश्वसनीय न्यूज़ पोर्टल है। सबसे सटिक और सबसे तेज समाचार का अपडेट पाने के लिए जुडिए हमारे साथ" टीम :- Samvad Chhattisgarh

Leave a comment