रायपुर। छत्तीसगढ़ के कंटेंट क्रिएटर्स और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स को मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रदेश का डिजिटल ब्रांड एंबेसडर बताया है। रायपुर के होटल बेबीलॉन इंटरनेशनल में आयोजित छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिएटर एंड इन्फ्लुएंसर अवॉर्ड्स 2026 में शामिल मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिएटर्स अपनी रचनात्मकता और डिजिटल पहुंच के जरिए प्रदेश की लोककला, संस्कृति, खान-पान, पर्यटन स्थलों और छत्तीसगढ़ी भाषा को देश-दुनिया में नई पहचान दिला रहे हैं।
कार्यक्रम में युवा क्रिएटर्स के साथ पॉडकास्ट शैली में संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया को सूचना, संवाद और सामाजिक जागरूकता का प्रभावी माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि क्रिएटर्स मनोरंजन के साथ जनहित के विषयों को भी लोगों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। विशेष रूप से बस्तर और सरगुजा के जनजातीय एवं ग्रामीण अंचलों की परंपराओं, कला-संस्कृति और अनछुए पर्यटन स्थलों को सामने लाने में उनका योगदान महत्वपूर्ण हो सकता है।
📌 यह भी पढ़ें: चंदलीडीह में शुरू हुआ रामनामी इको टूरिज्म, पहले ही दिन पहुंचे विदेशी पर्यटक
जनता की वोटिंग से चुने गए क्रिएटर्स, 16 मुख्य श्रेणियों में सम्मान
आयोजन में जनता की सार्वजनिक वोटिंग के माध्यम से पसंदीदा क्रिएटर्स का चयन किया गया। कुल 16 मुख्य श्रेणियों और 46 उपश्रेणियों में पुरस्कार प्रदान किए गए। फूड, संस्कृति, स्वास्थ्य, शिक्षा और लाइफस्टाइल सहित अलग-अलग क्षेत्रों में डिजिटल माध्यमों से उल्लेखनीय योगदान देने वाले क्रिएटर्स को सम्मानित किया गया।
पंच से मुख्यमंत्री तक के सफर के अनुभव साझा किए
युवा क्रिएटर्स के सवालों का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन के सफर को याद किया। उन्होंने बताया कि कम उम्र में पिता के निधन के बाद परिवार की जिम्मेदारी उनके कंधों पर आ गई थी। पढ़ाई के साथ पारिवारिक दायित्व निभाते हुए वे सार्वजनिक जीवन में आए। गांव के लोगों ने पहले पंच और फिर सरपंच चुना। इसके बाद जनता के आशीर्वाद से विधायक, सांसद, केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री के रूप में प्रदेश की सेवा का अवसर मिला।
खेती-किसानी पर बात करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वे किसान परिवार से आते हैं और खेती ने उन्हें धैर्य, परिश्रम तथा जमीन से जुड़े रहने की सीख दी है। उन्होंने कहा कि राज्य में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है। पात्रता के अनुसार 21 क्विंटल प्रति एकड़ से कम धान बेचने वाले किसानों को भी आदान सहायता का लाभ दिया जा रहा है।
बस्तर में शांति, विकास और जनसुविधाओं पर जोर
नक्सलवाद के विरुद्ध कार्रवाई से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री ने 31 मार्च 2026 को प्रदेश के लिए ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के संकल्प और सुरक्षा बलों के साहस का उल्लेख करते हुए कहा कि बस्तर में शांति और विश्वास का नया वातावरण बन रहा है। उनका कहना था कि सरकार चाहती है कि बस्तर के बच्चे बिना डर के स्कूल जाएं, युवा अपने सपने पूरे करें और परिवार खुशहाली से जीवन बिताएं।
मुख्यमंत्री ने नियद नेल्लानार योजना के जरिए दूरस्थ गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने, राशन दुकानों और दूरसंचार सुविधाओं का विस्तार करने की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वस्थ बस्तर अभियान के तहत 34 लाख लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई है। बस्तर मुन्ने यानी अग्रणी बस्तर अभियान के माध्यम से प्रशासन गांवों तक पहुंचकर राशन कार्ड, आधार कार्ड और जॉब कार्ड जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने का काम कर रहा है।
📌 यह भी पढ़ें: नुक्कड़ नाटकों और इन्फ्लुएंसर्स से दिखेगी बदलते छत्तीसगढ़ की तस्वीर
📌 यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़ के 30 कॉलेज बनेंगे उत्कृष्टता केंद्र, युवाओं के लिए इंटर्नशिप और रोजगार के अवसर
युवाओं के लिए रोजगार, कौशल विकास और उद्यमिता के अवसर
रोजगार के सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी नौकरियों के साथ उद्योग, आईटी, पर्यटन, स्टार्टअप और सेवा क्षेत्र में भी अवसर विकसित किए जा रहे हैं। नई औद्योगिक नीति के माध्यम से निवेश और रोजगार को प्रोत्साहित किया जा रहा है। उन्होंने कौशल विकास, प्रयास आवासीय विद्यालयों, विभिन्न जिलों में निःशुल्क कोचिंग और 38 नालंदा परिसर विकसित किए जाने का भी उल्लेख किया। बस्तर में जगारगुंडा और ओरछा में एजुकेशन सिटी तथा गीदम में मेडिकल कॉलेज की पहल को भी युवाओं के लिए महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य के अनुरूप विकसित छत्तीसगढ़ का विजन डॉक्यूमेंट तैयार किए जाने की बात कही। उन्होंने प्रदेश की खनिज, वन और प्राकृतिक संपदा का उल्लेख करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ में लौह अयस्क, कोयला, लिथियम और हीरे जैसे खनिज उपलब्ध हैं तथा राज्य देश का एकमात्र टिन उत्पादक राज्य है। उनके अनुसार राज्य के खनिज राजस्व में सरकार बनने के बाद से 5,000 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है।
स्थानीय उत्पादों और प्रतिभाओं को डिजिटल पहचान देने की अपील
मुख्यमंत्री ने कंटेंट क्रिएटर्स से बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और स्थानीय पर्यटन स्थलों को डिजिटल माध्यमों से प्रचारित करने की अपील की। उन्होंने महिला स्व-सहायता समूहों और लखपति दीदियों के उत्पादों को डिजिटल मार्केटिंग तथा ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के जरिए बड़े बाजारों तक पहुंचाने में सहयोग करने का आग्रह किया।
उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहने, मोबाइल और इंटरनेट का उपयोग सीखने तथा अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि तकनीक का उपयोग हमें करना चाहिए, न कि तकनीक हमें नियंत्रित करे। उन्होंने व्यायाम, खेलकूद और परिवार के साथ समय बिताने के महत्व पर भी जोर दिया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने युवा क्रिएटर्स के साथ सेल्फी खिंचवाई और पुरस्कार विजेताओं को बधाई दी।
छत्तीसगढ़ की डिजिटल दुनिया, युवाओं की उपलब्धियों, संस्कृति और प्रदेश की बड़ी खबरों से जुड़े रहने के लिए संवाद छत्तीसगढ़ को पढ़ते रहें। स्थानीय से लेकर राज्यस्तर की ताजा खबरों के लिए विजिट करें: https://samvadchhattisgarh.com/