बालोद, 12 जुलाई 2026। छत्तीसगढ़ सरकार की महत्वाकांक्षी महतारी वंदन योजना के तहत मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय ने योजना की 29वीं किस्त की राशि सीधे लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में अंतरित की। राशि प्राप्त होने के बाद बालोद जिले की महिलाओं में खुशी का माहौल है। महिलाओं ने इसे आर्थिक संबल देने वाली महत्वपूर्ण योजना बताते हुए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया।
लाभार्थी महिलाओं ने बताया कि हर माह मिलने वाली राशि से परिवार की दैनिक जरूरतों को पूरा करने में बड़ी मदद मिल रही है। बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य, घरेलू खर्च और छोटे-छोटे स्वरोजगार संबंधी कार्यों में यह राशि उपयोगी साबित हो रही है। योजना ने महिलाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आर्थिक रूप से अधिक सशक्त बनाया है।
दैनिक खर्च, दवाइयों और बच्चों की पढ़ाई में मिल रही राहत
ग्राम बघमरा की देवकी विश्वकर्मा ने बताया कि उन्हें 29वीं किस्त की राशि मिल गई है। वे इस पैसे का उपयोग घर के दैनिक खर्च, बच्चों की पढ़ाई, दवाइयों की खरीद और सिलाई-कढ़ाई के कार्यों में करती हैं।
ग्राम जगन्नाथपुर की जामवंती विश्वकर्मा ने कहा कि हर महीने मिलने वाली यह सहायता उनके परिवार के लिए बड़ा सहारा बन गई है।
वहीं ग्राम ओरमा की राधिका सोनवानी ने बताया कि योजना से मिलने वाली राशि से वे अपने बच्चों की स्कूल फीस जमा कर पा रही हैं, जिससे परिवार को आर्थिक राहत मिली है।
महिलाओं के सम्मान और आत्मनिर्भरता का मजबूत आधार
लाभार्थी महिलाओं ने अपने मोबाइल पर प्राप्त राशि का संदेश दिखाते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना ने महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ परिवार के भरण-पोषण, बच्चों की शिक्षा और विपरीत परिस्थितियों में सम्मानपूर्वक जीवनयापन के लिए मजबूत आधार प्रदान किया है।