जशपुर: जिले के लिए स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि के रूप में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कुनकुरी में इसी शैक्षणिक सत्र से एमबीबीएस की पढ़ाई शुरू होगी। सरगुजा संभाग के आयुक्त नरेंद्र दुग्गा की अध्यक्षता में कलेक्टोरेट सभाकक्ष में मेडिकल कॉलेज की प्रथम स्वशासी समिति (प्रबंधकारी सभा) की बैठक आयोजित हुई, जिसमें कॉलेज के संचालन, अधोसंरचना, मानव संसाधन, वित्तीय प्रबंधन और एमबीबीएस पाठ्यक्रम प्रारंभ करने की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। बैठक में कलेक्टर रोहित व्यास, डीन डॉ. एस.पी. कुजूर, मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. बी.आर. सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जी.एस. जात्रा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आयुक्त नरेंद्र दुग्गा ने बताया कि राष्ट्रीय चिकित्सा आयोग (एनएमसी) ने शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कुनकुरी को इसी शैक्षणिक सत्र से 50 एमबीबीएस सीटों के संचालन की अनुमति प्रदान कर दी है। आगामी कुछ सप्ताह में काउंसलिंग प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही विद्यार्थियों का प्रवेश होगा और नियमित शैक्षणिक गतिविधियां प्रारंभ हो जाएंगी। उन्होंने कहा कि यह मेडिकल कॉलेज जशपुर जिले ही नहीं, बल्कि पूरे सरगुजा संभाग के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धि है।
स्थायी भवन बनने तक यहां से होगा संचालन
बैठक में बताया गया कि मेडिकल कॉलेज के स्थायी भवन के निर्माण तक झरगांव स्थित पॉलीटेक्निक कॉलेज, छात्रावास परिसर, जिला अस्पताल, मातृ एवं शिशु अस्पताल तथा क्रिटिकल केयर यूनिट से मेडिकल कॉलेज का संचालन किया जाएगा। वहीं स्थायी परिसर के लिए चराईडांड, मयाली और खंडसा ग्राम पंचायतों में भूमि का चिन्हांकन एवं आबंटन किया जा चुका है। आयुक्त ने उपलब्ध अधोसंरचना के अनुरूप आवश्यक निर्माण एवं सुधार कार्य जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर रोहित व्यास ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि एनएमसी के सभी मानकों के अनुरूप अधोसंरचना संबंधी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूरे किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई बिना किसी बाधा के शुरू हो सके। डीन डॉ. एस.पी. कुजूर ने लेक्चर हॉल, डिसेक्शन हॉल, प्रयोगशालाओं, लाइब्रेरी और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं की प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि आवश्यक कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।
मानव संसाधन की उपलब्धता पर विशेष जोर
आयुक्त नरेंद्र दुग्गा ने मेडिकल कॉलेज के सफल संचालन के लिए प्रोफेसर, असिस्टेंट प्रोफेसर, रेजिडेंट डॉक्टर, लिपिकीय स्टाफ, पैरामेडिकल कर्मचारी, सुरक्षा कर्मी एवं सफाई कर्मचारियों की समय पर उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिक्षकीय पदों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाई जाए तथा प्रारंभिक चरण में आवश्यक कर्मचारियों की व्यवस्था प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से की जाए।
वित्तीय पारदर्शिता और संसाधनों की शीघ्र खरीदी के निर्देश
बैठक में स्वशासी समिति की नियमावली के प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय अनुशासन, लेखा-जोखा एवं अभिलेखों के नियमित संधारण पर भी चर्चा हुई। आयुक्त ने हॉस्टल, फर्नीचर, प्रयोगशाला सामग्री, शैक्षणिक उपकरण, वाहन एवं अन्य आवश्यक संसाधनों की खरीदी प्रक्रिया शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समयबद्ध तैयारियां पूरी करें, ताकि इसी शैक्षणिक सत्र से शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय, कुनकुरी में गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा शिक्षा का सफल शुभारंभ हो सके।